धर्म रक्षा मंच का आयोजन: तीर्थराज गलता जी से पवित्र जल भरकर लाए कांवड़िये; समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की
Curated By Media Kesari
जयपुर- राजधानी जयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय (महानगर) परिसर स्थित ऐतिहासिक फौजदारी शिव मंदिर में शनिवार को अगाध आस्था और धार्मिक उत्साह का अनुपम दृश्य देखने को मिला। 'धर्म रक्षा मंच' (Dharm Raksha Manch) के तत्वावधान में अधिवक्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा तीर्थराज गलता जी से एक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई।
पवित्र गलता धाम से कलशों में जल भरकर निकले कांवड़ियों के जत्थे ने "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के गगनभेदी जयघोष के साथ पूरे मार्ग को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया। कांवड़ यात्रा के कोर्ट परिसर पहुँचने पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया।
देखें Video🎥
आयोजन के संदर्भ में जानकारी देते हुए 'धर्म रक्षा मंच' के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखना है। इसके साथ ही न्याय क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध जन और आमजन के बीच धार्मिक चेतना, आपसी सौहार्द और भ्रातृभाव की भावना को सुदृढ़ करना है।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस पावन अवसर पर अधिवक्ता पीयूष राठौड़, प्रमोद अग्रवाल, कांता शर्मा, चंद्रिका कुम्पावत, सुविज्ञ शर्मा, नरेंद्र नायक, आशीष नायक, कपिल जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में न्यायिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विधि-विधान से आयोजित महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।




0 Comments