Rajasthan PHQ News
जोधपुर पुलिस की सतर्कता और ईमानदारी की दोहरी मिसाल, कुछ ही घंटों में सुरक्षित मिला सामान
Curated By Media Kesari
Jodhpur (Rajasthan)
जोधपुर-19 अप्रैल। जोधपुर महानगर में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन में 'अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर वरदान साबित हो रहा है। पुलिस उपायुक्त शाहीन सी. के सुपरविजन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क चौबीसों घंटे शहर की प्रभावी मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी तकनीकी दक्षता के चलते बालोतरा निवासी एक परिवादी का कीमती सामान से भरा बैग पुलिस ने कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया।
पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार 18 अप्रैल को बालोतरा निवासी जयकिशन राजपुरोहित अपनी एसयूवी कार से शादी समारोह में जा रहे थे। देवनगर तिराहा से डीपीएस सर्किल के बीच उनकी कार की डिक्की अचानक खुल गई और कपड़ों व जरूरी सामान से भरा बैग सड़क पर गिर गया। अभय कमांड सेंटर (Abhay Command Center) में तैनात एएसआई नारायण सिंह और हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ने तत्काल रूट के कैमरों की जांच की। प्लेबैक में पाल बालाजी मंदिर के पास बैग गिरते और उसे एक गुजरात पासिंग कार चालक द्वारा उठाते हुए देखा गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर चालक से संपर्क किया और परिवादी को उनका बैग सुरक्षित वापस मिल गया।
कांस्टेबल रूपसिंह ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
अभय कमांड सेंटर की तकनीकी सफलता के साथ ही पुलिस की मानवीय ईमानदारी का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। सेंटर पर तैनात कांस्टेबल रूपसिंह को पुलिस लाइन से रातानाडा जाते समय सड़क पर एक लावारिस पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, दो वाहनों के आरसी, 9 डेबिट-क्रेडिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पाए गए। कांस्टेबल रूपसिंह ने अपनी सूझबूझ से आरसी पर अंकित जानकारी के आधार पर मालिक महेन्द्र चौधरी से संपर्क किया और उन्हें सुरक्षित पर्स सुपुर्द कर खाकी की गरिमा बढ़ाई।
त्वरित सहायता और ईमानदारीपूर्ण कार्य के लिए दोनों परिवादियों ने जोधपुर पुलिस एवं अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
आमजन से अपील और सुरक्षा संकल्प
जोधपुर पुलिस ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की है कि वे ऑटो या टैक्सी लेते समय वाहन का पंजीयन नंबर और चालक का मोबाइल नंबर अवश्य नोट करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्यों की सूचना तुरंत 100/112 या पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9530440800 पर दें।

0 Comments