जगदीश पूनिया ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन, निहार चौधरी हेड बॉय और चंचल बनीं हेड गर्ल
नृत्य, देशभक्ति गीत और प्रकृति थीम पर रंगोली प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
Curated By Media Kesari
जयपुर, 18 जुलाई। स्थानीय जी.आर. ग्लोबल अकादमी विद्यालय में शनिवार को छात्र परिषद के गठन के उपलक्ष्य में अलंकरण समारोह ((Investiture ceremony) हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में श्री बालाजी शिक्षा समिति के प्रबंध-निदेशक जगदीश पूनिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार गुप्ता ने पुष्प गुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
छात्र परिषद ने किया मार्च पास्ट, ली शपथ
समारोह के दौरान विद्यालय के चारों सदनों- गांधी, सुभाष, टैगोर और तिलक सदन के मनोनीत छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) के विद्यार्थियों ने आकर्षक परेड (मार्च पास्ट) की और अपने-अपने सदन का ध्वज स्थापित किया। शपथ ग्रहण के बाद सभी सदनों के संचालक शिक्षकों और छात्र प्रतिनिधियों को सैशे पहनाए गए। इस वर्ष विद्यालय का हेड बॉय निहार चौधरी और हेड गर्ल चंचल को चुना गया। अपने संबोधन में दोनों छात्र प्रतिनिधियों ने कहा, "लीडरशिप का अर्थ केवल आदेश देना नहीं, बल्कि स्वयं कार्य करके नेतृत्व साबित करना है। हम सब मिलकर विद्यालय के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेंगे।"
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
इस अवसर पर चारों सदनों के बीच नृत्य, समूह गीत और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नृत्य प्रतियोगिता की थीम 'रेट्रो' रखी गई, जिसने पुराने सदाबहार गानों की यादें ताजा कर दीं। वहीं, समूह गीत प्रतियोगिता देशभक्ति के गीतों पर आधारित रही। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने 'प्रकृति' विषय पर बेहद खूबसूरत और संदेशपरक आकृतियां उकेरीं।
जीवन की पहली चुनौती को कर्तव्यपरायणता से निभाएं: मुख्य अतिथि
मुख्य अतिथि जगदीश पूनिया ने छात्र परिषद के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी आपके जीवन की पहली चुनौती है, जिसे आपको पूरी कर्तव्य परायणता के साथ निभाना है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नृत्य और गीत प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
इस दौरान कार्यकारी प्रभारी झूमर पूनिया और एडमिनिस्ट्रेटर डॉक्टर कनिका पूनिया भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य अजय कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यस्त दिनचर्या से अमूल्य समय निकालकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए विद्यालय परिवार उनका आभारी है। सांस्कृतिक प्रभारी सुमन शेखावत ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।




0 Comments