➡️15 साल से खानाबदोश बनकर रह रहा बांग्लादेशी जाहिदुल दस्तयाब
➡️बेनापोल बॉर्डर से 2011 में अवैध प्रवेश की बात कबूली, अब तक 67 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक दस्तयाब
Curated By Media Kesari
जयपुर, 16 नवम्बर। अजमेर जिला पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में सोमवार को 29वीं कार्रवाई करते हुए दरगाह क्षेत्र से एक युवक को दस्तयाब किया है। स्पेशल टास्क फोर्स की पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए स्वीकार किया कि वह वर्ष 2011 में सीमा पार कर अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। इस कार्रवाई के साथ ही अजमेर जिले में अब तक दस्तयाब किए गए संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा एवं अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि के निर्देशों पर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में जिले में अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में सीआईडी जोन अजमेर के साथ विशेष टीम गठित की गई है।
देखें VIDEO🎥
दरगाह क्षेत्र में तलाश के दौरान दस्तयाब किया
अभियान के तहत गठित टीम ने मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं, तकनीकी साधनों और अन्य जानकारियों के आधार पर दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खंभा, झालरा और लाखन कोटड़ी सहित विभिन्न संभावित क्षेत्रों में तलाश की।
इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम जाहिदुल उर्फ जाहिद (35) पुत्र मोहम्मद रूबिजलहक, निवासी गांव बोयरापारा, थाना धवनगंज, जिला जमालपुर विभाग मेमनसिंह, बांग्लादेश बताया। जिसे दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम ने उसे डिटेन कर थाना दरगाह लाकर पूछताछ की।
वर्ष 2011 में सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकारी
प्रारंभिक पूछताछ में जाहिदुल ने बताया कि उसने वर्ष 2011 में बांग्लादेश के बेनापोल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचा और करीब छह माह तक वहां रहा। फिर हरिद्वार में लगभग एक वर्ष खानाबदोश के रूप में रहा। वर्ष 2013-14 में अजमेर दरगाह शरीफ आया और यहां भी खानाबदोश के रूप में जीवनयापन करने लगा।
इस दौरान वह बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और गुजरात सहित विभिन्न स्थानों पर करीब दो-तीन वर्ष तक रहा और बाद में पुनः अजमेर आ गया। पूछताछ में उसने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। उससे इस संबंध में गहन पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में टीम प्रभारी वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा, टीम सह प्रभारी एवं थानाधिकारी दरगाह दिनेश जीवनानी, सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुमेर कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह शामिल रहे। कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह का विशेष योगदान रहा।

0 Comments