"नया इतिहास लिखूँगी": किन्नर मनीषा बाई बनीं कुशालपुरा की सरपंच
➡️रायपुर पंचायत (ब्यावर) के कुशालपुरा ग्राम ने दिया जनादेश, निकटतम प्रतिद्वंदी को 301 मतों से हराया
ब्यावर जिले की रायपुर पंचायत के कुशालपुरा ग्राम से किन्नर मनीषा बाई (Kinnar Sarpanch Manisha Bai) ने 301 मतों से सरपंच चुनाव जीता। राजस्थान पंचायत चुनाव में संभवतः पहली किन्नर सरपंच
Curated By Media Kesari
ब्यावर (राजस्थान)- लोकतंत्र ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। ब्यावर जिले की रायपुर पंचायत के ग्राम कुशालपुरा की जनता ने पहली बार एक किन्नर को अपना सरपंच चुना है। किन्नर मनीषा बाई (Kinnar Sarpanch Manisha Bai) ने सरपंच चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 301 मतों से पराजित कर शानदार जीत हासिल की।
राजस्थान की संभवतः पहली किन्नर सरपंच
इस जीत की चर्चा इसलिए भी है कि मनीषा बाई राजस्थान पंचायत चुनाव में संभवतया पहली किन्नर सरपंच बनी हैं। यह जीत सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं, बल्कि समाज की सोच में आ रहे बदलाव की मिसाल भी मानी जा रही है।
"किन्नर होना अभिशाप नहीं": रवीना सिंह
मनीषा बाई की जीत पर उनकी किन्नर शिष्या और राजस्थान की प्रथम किन्नर एडवोकेट रवीना सिंहने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज भी समाज का महत्वपूर्ण अंग है और किन्नर होना कोई अभिशाप नहीं है।
रवीना सिंह ने कहा-
हम अर्धनारीश्वर, यानि शिव और शक्ति के प्रतीक हैं। हमारी शारीरिक संरचना देव प्रदत्त है। हम महिलाओं और पुरुषों के बराबर शक्ति के प्रतीक हैं।
उन्होंने कुशालपुरा के जनादेश का सम्मान करते हुए कहा कि किन्नर समुदाय गांव के विकास और नागरिक हितों के उत्थान के लिए संघर्ष करेगा और जनता की कसौटी पर खरा उतरेगा।
जब रवीना सिंह प्रदेश की पहली एडवोकेट बन सकती हैं, तो मनीषा बाई सरपंच क्यों नहीं!
"नया इतिहास लिखूँगी": सरपंच मनीषा बाई
जीत के बाद विजेता सरपंच मनीषा बाई ने कहा कि कुशालपुरा की जनता ने उन पर जो भरोसा और विश्वास जताया है, उससे वे अभिभूत हैं। उन्होंने वादा किया कि वे जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी, कुशालपुरा के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगी और नया इतिहास लिखेंगी।


0 Comments