➡️जयपुर @ 300 – Three Centuries, One City, Infinite Stories होगी रिफ 2027 की थीम; 13वें संस्करण में उपमुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में न्योता
➡️6 से 10 जनवरी 2027 तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होगा पांच दिवसीय फिल्मी महाकुंभ
➡️ फीचर, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन और AI फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग; 10 जनवरी को भव्य RIFF अवॉर्ड समारोह
Curated By Media Kesari
जयपुर 300 साल का होने जा रहा है और गुलाबी नगरी की इस सालगिरह का जश्न मनेगा सिनेमा के पर्दे पर! राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ 2027) के 13वें संस्करण की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। सोमवार, 16 नवंबर को उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने फेस्टिवल के आधिकारिक पोस्टर और थीम एग्जीबिशन पोस्टर का विमोचन किया। इस मौके पर उन्हें 6 से 10 जनवरी 2027 तक जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में होने वाले पांच दिवसीय महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया गया। इस बार रिफ की थीम है “JAIPUR @ 300 – Three Centuries, One City, Infinite Stories”, यानी तीन सदियां, एक शहर और अनगिनत कहानियां।
इस अवसर पर दीया कुमारी जी के करकमलों द्वारा राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (RIFF 2027) के आधिकारिक पोस्टर तथा फेस्टिवल की विशेष थीम एग्जीबिशन के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर रिफ फिल्म क्लब एवं राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक एवं फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेन्द्र हर्ष एवं अंशु हर्ष उपस्थित रहे।
जयपुर के 300 वर्ष: रिफ 2027 की विशेष थीम
रिफ 2027 का मुख्य आकर्षण इसकी विशेष थीम "JAIPUR @ 300 – THREE CENTURIES, ONE CITY, INFINITE STORIES" है। जयपुर शहर की स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को समर्पित यह थीम शहर की समृद्ध विरासत, स्थापत्य कला, संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन और बदलते आधुनिक स्वरूप को सिनेमा एवं दृश्य कलाओं के माध्यम से प्रस्तुत करेगी।
इस थीम के अंतर्गत विशेष थीम एग्जीबिशन आयोजित की जाएगी, जिसमें जयपुर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, कला, संस्कृति, वास्तुकला, विरासत और शहर से जुड़ी अनगिनत कहानियों को रचनात्मक माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जयपुर की ऐतिहासिक पहचान को देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, सिनेमा प्रेमियों और पर्यटकों तक पहुंचाना है।
दीया कुमारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रण
रिफ के संस्थापक एवं फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेन्द्र हर्ष ने बताया कि राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पिछले 13 वर्षों से राजस्थान में फिल्म संस्कृति, स्वतंत्र सिनेमा, क्षेत्रीय फिल्मों, कला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। रिफ के माध्यम से देश-विदेश के फिल्मकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, कलाकारों एवं सिनेमा से जुड़े विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को ध्यान में रखते हुए रिफ 2027 की थीम निर्धारित की गई है, ताकि राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और जयपुर की ऐतिहासिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मंच पर विशेष स्थान दिया जा सके।
पांच दिवसीय आयोजन में होंगी विविध गतिविधियां
रिफ 2027 के पांच दिवसीय आयोजन में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन फिल्म एवं AI फिल्मों सहित विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ सेमिनार, वर्कशॉप, नॉलेज सीरीज, फिल्म बाजार, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्म जगत से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 10 जनवरी 2027 को भव्य RIFF अवॉर्ड समारोह का आयोजन होगा।
➡️ फिल्म सबमिशन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। देश-विदेश के फिल्मकार अपनी फिल्मों का ऑनलाइन सबमिशन रिफ की आधिकारिक वेबसाइट www.riffjaipur.org के माध्यम से कर सकते हैं।
रिफ 2027 का उद्देश्य जयपुर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को सिनेमा के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने के साथ राजस्थान को फिल्म निर्माण, फिल्म पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

0 Comments