अकादमी द्वारा संस्थाओं को आंशिक सहयोग के रूप में दी जायेगी 10,000/- की आर्थिक राशि
Media Kesari
Jaipur
जयपुर- राजस्थान सिन्धी अकादमी सिन्धी शूरवीर अमर शहीद हेमूं कालाणी (Hemu Kalani) के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में राज्यभर की रजिस्टर्ड सिन्धी संस्थाओं/पूज्य सिन्धी पंचायतों, विद्यालयों/महाविद्यालयों से कार्यक्रम आयोजन के प्रस्ताव आमंत्रित करती है।
अकादमी सचिव डॉ.रजनीश हर्ष ने बताया कि मातृभूमि की बलिवेदी पर शीश चढ़ाने वाले क्रांतिकारी अमर शहीद हेमूं कालानी द्वारा 20 वर्ष की अल्प आयु में 21 जनवरी, 1943 को भारत के स्वतंत्रता आन्दोलन में दिये गये बलिदान एवं योगदान को स्मरण करते हुये देशभर में हेमूं कालाणी शहीदी दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रीयता की भावना जागृत करने एवं शहीद हेमूं को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से अकादमी द्वारा राज्य की रजिस्टर्ड सिन्धी संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों के अन्तर्गत हेमूं कालानी की जीवनी पर प्रकाश, स्वतंत्रता आन्दोलन में उनकी भूमिका, सिन्धी शूरवीर बालकों का सम्मान, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगितायें, प्रभात फेरियां, रक्तदान शिविर, देशभक्ति गीत संध्या एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा ताकि शहीद हेमूं कालाणी द्वारा अल्प आयु में किये गये बलिदान से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिले और उनके शौर्य, त्याग एवं बलिदान से रूबरू कराया जा सके।
यह भी पढ़ें:- राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026: डिजिटल फ्रेंडली इन्वेस्टमेंट डेस्टीनेशन बनेगा राजस्थान
कार्यक्रम आयोजन हेतु अकादमी द्वारा संस्थाओं को आंशिक सहयोग के रूप में 10,000/- की आर्थिक राशि दी जायेगी। कार्यक्रम आयोजन हेतु प्रस्ताव 12 जनवरी, 2026 तक अकादमी की मेल rajsindhiacademy@gmail.com पर भी प्रेषित किये जा सकते हैं।

0 Comments