सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने Rajasthan Digifest TiE Global Summit 2026 का किया उद्घाटन
दक्ष युवा और संसाधनों की प्रचुर उपलब्धता के साथ राजस्थान बन रहा तकनीकी क्रांति में अग्रणी-- सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री
प्रदेश सरकार की नीतियां निवेशकों के अनुरूप
Media Kesari
Jaipur
जयपुर, 4 जनवरी। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ (Col Rajyavardhan Singh Rathore) ने रविवार को जयपुर में 'राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026' का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के सशक्तीकरण का माध्यम बन चुकी है, जिससे गांव-देहात का व्यक्ति आईटी के जरिए वैश्विक तंत्र से जुड़ रहा है।कर्नल राठौड़ ने जोर दिया कि प्रदेश सरकार की एआई एवं तकनीकी नीतियां, दक्ष युवा एवं संसाधनों की प्रचुरता के कारण राजस्थान एआई निवेश का आदर्श गंतव्य बन रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में उद्योग, रोजगार, शिक्षा, कृषि सभी क्षेत्रों में एआई को प्रोत्साहन मिल रहा है।
आईस्टार्ट के माध्यम से हजारों स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। उद्यमियों के वैश्विक नेटवर्क टाई द्वारा जयपुर को पहली नॉन-मेट्रो सिटी के रूप में ग्लोबल समिट के लिए चुना जाना राजस्थान की एआई हब क्षमता को रेखांकित करता है। समिट में नवाचार, निवेश एवं उद्यमिता को मंच मिलेगा; आगामी तीन दिनों में 100+ स्टार्टअप्स वैश्विक निवेशकों के समक्ष पिच करेंगे तथा 35 विश्वविद्यालय एआई विचारों पर मंथन करेंगे।
शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने बताया कि राजस्थान में तकनीक से निवेश, कौशल एवं सेवा प्रदायगी मजबूत हो रही है। युवा स्टार्टअप्स के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जा रहा है, ताकि आविष्कार प्रयोगशालाओं से आगे बढ़ें।
टाई के सह-संस्थापक महावीर प्रताप शर्मा ने कहा कि समिट नीति निर्माण, रोजगार, तकनीकी उद्यमिता एवं प्रौद्योगिकी विस्तार को बढ़ावा देगी; जयपुर नवाचार हब बन रहा है।
एनवीडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शंकर त्रिवेदी (अमेरिका) ने एआई के नए अवसरों पर जोर दिया, जबकि टाई ग्लोबल अध्यक्ष डॉ. मुरली बुक्कापटनम ने समिट को ऐतिहासिक बताते हुए युवाओं को वैश्विक मंच से जोड़ने की बात कही।
आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने धन्यवाद दिया तथा विभागीय योजनाओं से अवगत कराया। उद्योग आयुक्त सुरेश ओला भी उपस्थित रहे। समारोह में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और 7 संस्थानों के बीच एमओयू हस्तांतरित हुए, राजस्थान इनोवेशन हब (जोधपुर) पोर्टल लॉन्च हुआ तथा आईस्टार्ट प्रगति एवं एआई विकास पर लघु फिल्में दिखाई गईं। विश्वभर से तकनीकी उद्यमी, विशेषज्ञ, अकादमिक हस्तियां, स्टार्टअप संस्थापक, निवेशक, विद्यार्थी एवं आमजन शामिल हुए।





0 Comments